ग्वालियर: ग्वालियर स्मार्ट सिटी के सीईओ टी प्रतीक राव ने स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित एवं निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों व महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने महाराज बाड़ा स्थित इंडस्ट्रियल म्यूजियम, पुरानी नगर निगम बिल्डिंग, डिजिटल लाइब्रेरी एवं लेडीज पार्क का मुआयना कर संबंधित अधिकारियों और वेंडरों को कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीईओ स्मार्ट सिटी टी प्रतीक राव ने सर्वप्रथम महाराज बाडा पर पहुंचकर प्रेस बिल्डिंग में बने नवनिर्मित इंडस्ट्रियल म्यूजियम का मुआयना किया। उन्होंने संग्रहालय की निर्माण एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों और वेंडर से ली तथा इनके संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने म्यूजियम की प्रत्येक गैलेरी को देखा और संबंधित अधिकारियों को पूरे परिसर के समुचित रखरखाव और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने संग्रहालय के संचालन और निर्माण व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यहां रखी गई सभी पुरानी प्रिंटिंग मशीनों पर क्यूआर कोड लगाए जाएं, जिससे यहां आने वाले सैलानियों को अपने मोबाइल के माध्यम से ही मशीनों का संपूर्ण विवरण व इतिहास उपलब्ध हो सके।
उन्होंने 3 वर्ष के डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (डीएलपी) के तहत सिविल फिनिशिंग, टाइल्स, दीवारों के पेंट व रनिंग स्पॉट्स की आवश्यक मरम्मत संबंधित ठेकेदार से अविलंब पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होने उद्योग एवं कला को बढ़ावा देने हेतु एमपीआरडीसी सहित अन्य औद्योगिक संस्थाओं के साथ समन्वय कर प्रदर्शन योग्य सामग्रियों के लिए स्थान उपलब्ध कराने को कहा। उन्होने गैलरीयो में अनाधिकृत प्रवेश सहित अन्य साईन बोर्ड लगाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि प्रदर्शन सामग्री सुरक्षित रहे और आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
