पीट हेगसेथ हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के समक्ष होंगे पेश, कड़े सवालों से होगा सामना

वाशिंगटन, 29 अप्रैल (वार्ता) अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को ईरान के खिलाफ युद्ध की शुरुआत के बाद बुधवार को पहली बार सांसदों के कड़े सवालों का सामना करना होगा। डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद लगातार यह आरोप लगाते रहे हैं कि यह युद्ध कांग्रेस की मंजूरी के बिना शुरू किया गया था और कइयों ने इसे अनावश्यक बताते हुए इसकी आलोचना भी की है। यह सुनवाई हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के समक्ष आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रशासन के 2027 के सैन्य बजट प्रस्ताव पर चर्चा होगी। यदि यह प्रस्ताव पारित हो जाता है, तो सैन्य खर्च बढ़कर 1.5 ट्रिलियन डॉलर के ऐतिहासिक उच्चतम स्तर पर पहुंच जाएगा। उम्मीद है कि श्री हेगसेथ और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन अधिक ड्रोन, मिसाइल रक्षा प्रणाली और युद्धपोतों की आवश्यकता पर जोर देंगे। रक्षा मंत्री ने अब तक युद्ध के बारे में सांसदों के सार्वजनिक सवालों से दूरी बनाए रखी है, हालांकि उन्होंने श्री केन के साथ मिलकर टेलीविजन पर ब्रीफिंग दी है। वह ज्यादातर रूढ़िवादी पत्रकारों के सवालों के जवाब देते रहे हैं।

डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों द्वारा ईरान युद्ध की बढ़ती लागत, अमेरिकी गोला-बारूद की भारी कमी और एक स्कूल पर बमबारी जैसे मुद्दों को उठाने की संभावना है, जिसमें बच्चों की मौत हुई थी। इसके अलावा, कुछ सांसद सैन्य तैयारी पर भी सवाल उठा सकते हैं कि सेना ईरानी ड्रोनों के झुंड को मार गिराने के लिए कितनी तैयार थी, क्योंकि उनमें से एक बड़ा हिस्सा अमेरिकी सुरक्षा घेरे को भेदने में सफल रहा था, जिससे कई सैनिक मारे गए या घायल हुए थे। सदन और सीनेट के डेमोक्रेट सांसदों ने युद्ध शक्तियों से जुड़े कई प्रस्तावों को पारित करने की बार-बार कोशिश की है, जो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कांग्रेस की अनुमति मिलने तक संघर्ष रोकने के लिए बाध्य करते, लेकिन वे अब तक इसमें विफल रहे हैं।

.....

Next Post

यूको बैंक धोखाधड़ी मामला: स्टीलटेक रिसोर्सेज की 7.76 करोड़ की अचल संपत्तियां ईडी द्वारा अटैच

Wed Apr 29 , 2026
इंदौर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की इंदौर इकाई ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.76 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं. यह कार्रवाई शुक्रवार 24 अप्रैल को की गई, जिसमें जमीन के प्लॉट शामिल हैं जो संबंधित कंपनी के नाम पर दर्ज […]

You May Like