
ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान वन टाइम फीस लागू करने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। वहीं स्मार्ट मीटर एक घोटाला है। यह लूट की योजना है। यह बात मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकारी भर्ती परीक्षाओं में वन टाइम फीस व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा बुधवार को आयोजित ‘रन फॉर ओटीएफ’ मैराथन के दौरान पत्रकारों से चर्चा में कही।
कार्यक्रम में पीसीसी चीफ पटवारी ने केंद्र और राज्य की सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने बिजली कंपनी द्वारा उपभोक्तओं के घर पर लगाए जा रहे हैं स्मार्ट मीटर के मामले में प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर मैन्युपलेट होता है एक जगह से। कब बिल बढ़ाना है, कब घटाना है। बार-बार स्मार्ट मीटर लगने के कारण जो बिल है। लगातार सबा गुना तक बढ़ गया है। कहीं-कहीं तो डबल तक हो गया है पर सरकार मौन है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री गटर साफ कर रहे हैं। यहां के ऊर्जा मंत्री झाड़ू लगा रहे हैं पर मीटर पर किस तरह का करप्शन है उसकी सफाई नहीं कर रहे हैं। ये बहुत दुख का विषय है। जीतू पटवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान वन टाइम फीस लागू करने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में ओटीएफ व्यवस्था लागू है और मध्यप्रदेश में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि छात्रों को हर भर्ती परीक्षा के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क न देना पड़े। जीतू पटवारी ने दावा किया कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के आवेदन शुल्क के कारण एक छात्र को सालभर में करीब 40 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं। यह आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती है।
