ट्रक ने मजदूरों को रौंदा, मां की गोद में बेटे का निकला दम

​ग्वालियर:बिजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गणेशपुरा के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ पीडब्ल्यूडी के सड़क निर्माण कार्य में लगे एक कंक्रीट मिक्सर ट्रक के चालक ने लापरवाही से वाहन रिवर्स कर दिया, जिसकी चपेट में आने से 25 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हृदय विदारक दृश्य तब देखने को मिला जब गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाते समय उसने अपनी मां की गोद में ही अंतिम सांस ली। हादसे में मृतक की मां सहित करीब 7-8 अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं।

​रिवर्स करते समय हुआ हादसा

​जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहन केवट (25), निवासी बिंदपुरा निवाड़ी के रूप में हुई है। गणेशपुरा के पास सर्विस रोड और डिवाइडर बनाने का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कंक्रीट मिक्सर ट्रक के चालक ने बिना पीछे देखे अचानक वाहन को बैक कर दिया। मोहन और उसकी मां समेत आधा दर्जन से अधिक मजदूर ट्रक की चपेट में आ गए। मोहन ट्रक के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया था।

​आने वाली खुशियां मातम में बदलीं

​हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि मोहन अपनी गर्भवती पत्नी, बच्चे और माता-पिता के साथ मजदूरी के लिए आया था। उसकी पत्नी का सातवां महीना चल रहा है और मोहन घर में आने वाले नए सदस्य को लेकर बेहद उत्साहित था। वह अपने बच्चे के लिए कई सपने देख रहा था, लेकिन चालक की एक चूक ने पूरे परिवार का सहारा छीन लिया।

​ठेके का ट्रक और सहायता का इंतजार

​ठेकेदार दीपक शर्मा के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कंक्रीट मिक्सर ट्रक शिवम गुप्ता का है, जिसे किराए पर लिया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिली है। फिलहाल परिवार केवल आश्वासनों के भरोसे है।

इनका कहना है..

हादसे में​ चालक की लापरवाही साफ नजर आ रही है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
— मनीष यादव, एसडीओपी, बेहट

Next Post

प्रधानमंत्री मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे किया राष्ट्र को समर्पित

Wed Apr 29 , 2026
हरदोई, 29 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यहां 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया और इसी के साथ ही उत्तर प्रदेश के अवसंरचना विकास में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। यह राज्य की कनेक्टिविटी और आर्थिक महत्वाकांक्षाओं में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री ने स्थल […]

You May Like