जबलपुर: कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक युवक ने आत्महत्या करने के इरादे से अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क लिया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे समय रहते रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पीड़ित युवक ने क्षेत्रीय पार्षद और एक अन्य व्यक्ति पर उसकी पुश्तैनी जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है।
उसका कहना है कि उसकी लगभग 2 एकड़ जमीन के मूल दस्तावेज जबरन छीन लिए गए और मिलीभगत से उसे करीब 40 लाख रुपए में बेच दिया गया। घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
लंबे समय से न्याय के लिए लगा रहा चक्कर
युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और वह लंबे समय से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर उसने कलेक्ट्रेट में यह कदम उठाने की कोशिश की।
इनका कहना है
युवक ने जमीन मामले को लेकर आरोप लगाए हैं, लेकिन उस समय कोई मूल दस्तावेज उसके पास नहीं थे, पहली बार उसकी शिकायत पहुंची थी। मामले की जांच को लेकर तहसीलदार को जांच के लिए लिखा गया है।
राघवेंद्र सिंह, कलेक्टर
