सडक़ को लेकर भाजपा नेत्री और तहसीलदार के बीच नोंक-झोंक

सीधी । सडक़ को लेकर भाजपा नेत्री और तहसीलदार के बीच नोंक-झोंक हुई। मामला तहसील रामपुर नैकिन अंतर्गत ममदर का है। भाजपा नेत्री द्वारा सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर लगाये आरोपों को तहसीलदार ने निराधार बताया है।

दरअसल कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष कुमार मिश्रा रीवा-सिंगरौली नये रेलवे ट्रैक के कार्य को देखते हुये ग्राम ममदर गये हुये थे। वहां भाजपा नेत्री एवं किशोर बोर्ड न्यायलय की सदस्य एड.रंजना मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान कहा कि निर्माण कार्य के कारण गांव की पुरानी सडक़ के काफी नीचे आ जाने से बरसात के दिनों में जल भराव होगा। इससे आवागमन सडक़ में पूरी तरह से बंद हो जायेगा। इसी बात को लेकर कुछ नोंक-झोंक मौके पर हुई। भाजपा नेत्री रंजना मिश्रा ने इसी को लेकर सोशल मीडिया में वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया है कि तहसीलदार ने समस्या दूर कराने की बजाय कहा कि बरसात में यदि सडक़ में पानी भर जायेगा तो आप तैराकर निकलवा लेंगे। काम चलता रहेगा, सुविधा मिले या न मिले। विरोध करोगे तो पुलिस से पकड़वा देंगे।

भाजपा नेत्री ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की बजाय गैर जिम्मेदाराना बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है। विकास कार्यों का विरोध नहीं लेकिन आमजन की बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती। अब बरसात सिर पर है और हालात ऐसे हैं कि गांव का आवागमन पूरी तरह ठप्प हो सकता है।

इनका कहना है

ग्राम ममदर से नया रेलवे ट्रैक बना है। ट्रेन की सुविधा मिलना अच्छी बात है लेकिन इसके समीप सडक़ की हालत काफी दयनीय हो गई है। बरसात के दिनों में सडक़ पानी में डूब जायेगी और आवागमन बंद हो जायेगा। तहसीलदार के निरीक्षण के दौरान यह समस्याएं उनके समक्ष रखी गई तो उनका कहना था कि जब पानी भर जायेगा तब वो एम्बुलेंस के साथ आयेंगे और तैरकर बाहर निकालेंगे। यह जवाब किसी हालत में उचित नहीं माना जा सकता, साथ ही जब उनसे कहा गया कि जब तक हमारी रोड नहीं बनेगी ट्रेन सुविधा शुरू नहीं होगी, तो उनका कहना था कि पुलिस आयेगी।

रंजना मिश्रा, भाजपा नेत्री

 

भाजपा के राष्ट्रीय, राज्य स्तर से लेकर नीचे के छोटे नेता भी सत्ता के गुमान में हैं। अभी जो भाजपा नेत्री द्वारा वीडियो जारी किया गया है उसमें सामने वाले का वीडियो नहीं है। अभी तो रेल लाइन बन रही है तो कहीं न कहीं समस्या है। अनर्गल बयानबाजी कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास इसे माना जा सकता है। जहां तक वे जानते है तो तहसीलदार सुलझे हुये व्यक्ति है उनके द्वारा इस तरह की बातें नहीं कही गई होंगी। यदि ऐसी बात है तो उन्हें निश्चित ही इसके लिये मजबूर किया गया होगा।

ज्ञानेन्द्र अग्रिहोत्री, संगठन महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी सीधी

कलेक्टर महोदय के निर्देश पर ममदर गांव में रेलवे लाइन कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने गया था। निरीक्षण के दौरान ममदर निवासी श्रीमती रंजना मिश्रा जिनका वहीं घर भी है। उनके द्वारा वहां बन रही सडक़ को लेकर समस्या रखी गई थी। जिसका निराकरण कलेक्टर महोदय एवं रेलवे विभाग द्वारा किया जायेगा। उनके द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।

आशीष कुमार मिश्रा, तहसीलदार तहसील रामपुर नैकिन

Next Post

रिश्तेदार बना मेहमान चोर, शादी में ही कर दी 5 लाख की चोरी सूना घर और बारात दोनों बने निशाना, जेवर-नकदी बरामद

Tue Apr 28 , 2026
रतलाम/सैलाना। शादी की खुशियों के बीच चोरी की वारदात ने सनसनी फैला दी, लेकिन सैलाना पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पूरे मामले का खुलासा कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी करने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि शादी में शामिल एक रिश्तेदार ही निकला। पुलिस अधीक्षक अमित […]

You May Like