
नवभारत न्यूज
रीवा, 21 फरवरी, नगर निगम क्षेत्र में बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई प्रतिष्ठानों को सील किया गया.
नगर निगम आयुक्त की फटकार के बाद राजस्व अमला वसूली को लेकर हरकत में आया है. लगातार बकायादारो के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है. नोटिस देने के बाद भी बकाया कर की राशि जमा नही की जा रही है. दुकान बंद करने की कार्यवाही शुरू होते ही बकायादार राशि जमा करने के लिये आगे आ रहे है. जोन क्र. 04 अंतर्गत वार्ड 43 भवन क्र. 382 में बकाया सम्पत्तिकर राशि रू. 82236, जिनके भवन स्वामी श्रीमती कुसुम सिंह पत्नी विजय सिंह के 03 दुकानों को सील किया गया है. पिछले एक सप्ताह से बकायादारो के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है. राशि न जमा करने पर कुर्की की कार्यवाही भी होगी. राजस्व लक्ष्य के अनुरूप वसूली नही हो पाई है, जबकि अब वित्तीय वर्ष समाप्त होने में एक माह शेष बचा है. इसी प्रकार निगमायुक्त के निर्देश पर जलकर वसूली हेतु टीम बनाकर वसूली कार्य कराया जा रहा है. साथ ही अवैध नल कनेक्शनधारियों के नल कनेक्शन काटने एवं वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है. उक्त कार्यवाही में सहायक राजस्व अधिकारी नीलेश चतुर्वेदी, रावेंद्र सिंह मौजूद रहे.
