इंदौर: परदेशीपुरा इलाके में एक कार वॉश सेंटर पर काम कर रहे 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजन और साथी कर्मचारियों के मुताबिक, काम करते वक्त वह अचानक नीचे गिर पड़ा और फिर होश में नहीं आया.परदेशीपुरा थाने से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 17 वर्षीय भोला पिता लखन भूरीयाले, निवासी रानीपुरा के रूप में हुई है. वह कनकेश्वरी ग्राउंड के पास स्थित यूएस कार सर्विस में काम करता था.
गुरुवार शाम करीब सात बजे वह कार पर पानी डाल रहा था, तभी अचानक गिर पड़ा. वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बाद में परिवारजन उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे. कार सर्विस सेंटर पर कार्यरत राहुल ने बताया कि भोला कार के आगे हिस्से में काम कर रहा था. अचानक गिरने से सभी घबरा गए और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया. भोला के पिता मजदूरी करते हैं और परिवार में बड़ा भाई भी है, जो रानीपुरा स्थित दुकान पर नौकरी करता है. फिलहाल परदेशीपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मौत के कारणों को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
