
सीधी। भीषण गर्मी में विद्युत की खपत बढऩे के साथ ही विद्युत पोल में लगी केबिलों में भी आग लगने की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। ऐसा ही मामला स्थानीय सराफा बाजार में सामने आया था।
निहाल आटो पार्टस के सामने स्थित विद्युत पोल में आज शाम करीब 6:30 बजे आग की तेज लपटें उठने लगी। व्यस्ततम मार्ग में लगे विद्युत पोल से आग की तेज लपटें उठती देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें विद्युत पोल में लगी केबिलों को पूरी तरह से जलाकर खाक कर रही थी। बड़ दुर्घटना की आशंका के चलते कुछ लोगों ने इसका सूचना तत्काल विद्युत वितरण क्रमांक 1 सीधी शहर के कंट्रोल रूम को दी। सूचना पाते ही तत्काल विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई। लाइनमैनों ने मौके पर पहुंचकर जलती केबिलों से आग पर काबू पाया। इसके बाद विद्युत सप्लाई बहाल करने के लिये युद्ध स्तर पर नई केबिल डालने का कार्य शुरू कर दिया गया।
गुलाब टावर के सामने पोल में लग चुकी है आग-
एक पखवाड़ा पूर्व देर रात पड़ैनिया मार्ग में स्थित गुलाब टावर के सामने लगे विद्युत पोल की केबिलों में भी ज्यादा लोड होने के कारण आग लग गई थी। उस दौरान स्थानीय कुछ युवकों ने तत्परता दिखाते हुये अग्रिशामक यंत्र के डिब्बे उपयोग करते हुये उससे कुछ मिनट के अंदर ही जोखिम उठाते हुए आग पर काबू पा लिया। भीषण गर्मी में शहर के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी विद्युत केबिलों एवं ट्रांसफर में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।
