प्रेम प्रसंग को लेकर खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र समेत तीन घायल

छतरपुर। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से सटे श्रीनगर थाना क्षेत्र के पवा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अंजुल तिवारी का एक युवती से प्रेम संबंध था। इस संबंध की जानकारी उसके मित्र चंद्रउदय राजपूत को भी थी। बताया जा रहा है कि युवती के परिजन अंजुल तिवारी की तलाश में उसके घर पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद वे चंद्रउदय राजपूत के घर पहुंच गए।

आरोप है कि वहां पहुंचते ही हमलावरों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए चंद्रउदय के पिता राजेंद्र राजपूत, भाई शैलेंद्र राजपूत और बहन नीता राजपूत को भी बुरी तरह पीटा गया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वीरपाल, राजू, कजरा श्रीवास, रोहित वर्मा सहित कई लोगों ने मिलकर हमला किया। इस हमले में राजेंद्र राजपूत और शैलेंद्र राजपूत को सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों को पहले महोबा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर अब तक मामला दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।

Next Post

सोन नदी तट पर रेत खनन गतिविधियों से पर्यावरणीय संतुलन पर चिंता, निगरानी बढ़ाने की मांग

Tue Apr 28 , 2026
सिंगरौली। पुलिस चौकी बगदरा क्षेत्र में इन दिनों रेत से जुड़ी गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है। सोन नदी के किनारे स्थित सोन घड़ियाल अभ्यारण्य क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रेत के उत्खनन और परिवहन की सूचनाएं सामने आ रही हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को लेकर चिंताएं गहराने लगी […]

You May Like