सीधी:आरटीओ के एक्शन में आने से बसों के अवैध स्टापेज पर प्रतिबंध लगा है। जिला परिवहन अधिकारी ने बस आनर्स एसोसिएशन के साथ बैठक कर अघोषित बस स्टैण्ड बने सम्राट चौक सहित मार्ग में बस स्टापेज पर रोंक लगाई है।गौरतलब है कि कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा दिनांक 20 अप्रैल 2026 को नवीन व पुराने बस स्टैण्ड का भ्रमण किया गया था। उक्त भ्रमण के दौरान बस स्टैण्ड के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न दिशा-निर्देश प्रदाय किये गये थे।
इसी तारतम्य में जिला परिवहन कार्यालय सीधी में 21 अप्रैल को समस्त बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिला परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी व बस एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वहीं बस संचालकों को बस स्टैण्ड से बस निकालने के बाद जगह-जगह खड़ा नहीं किये जाने के निर्देश दिये गये। जिससे शहर में जाम की स्थिति निर्मित नहीं हो। खासतौर पर सम्राट चौराहे में बस का अवैध स्टापेज बनाने को लेकर मना किया गया है।
बैठक में कहा गया कि बसों को बिना वैध फिटनेश प्रमाण पत्र के संचालन नहीं किया जायेगा। वहीं बसों की मैकेनिल जांच के उपरांत ही बसों का संचालन किया जाय। बताते चलें कि बसों को फिटनेश अब परिवहन कार्यालय द्वारा जारी नहीं की जाती, ऐसी स्थिति में बस संचालक द्वारा एटीएस से उचित समन्वय स्थापित कर बस की फिटनेश समय से प्राप्त की जावे। बसों का संचालन बिना परमिट और इंश्योरेंस के नहीं किया जावे। रिजर्व पार्टी परमिट पर बसों का संचालन रूट पर नहीं किया जावेगा। सभी संचालक जल्द से जल्द क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकारी रीवा से स्थाई परमिट प्राप्त करें। बसों में महिला रिजर्व सीट 11 से 15, दिव्यांग रिजर्व सीट 1 से 5 व किराया सूची अनिवार्य रूप से चस्पा की जावेगी, अन्यथा की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जावेगी। बसों का संचालन नियमित गति में किये जाने हेतु भी निर्देशित किया गया।
नवभारत ने प्रमुखता से उठाई समस्या
नवभारत द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों का अघोषित बस स्टैण्ड बनाने का मुद्दा प्रमुख रूप से 7 फरवरी 2026 को शीर्षक मनमानी: शहर के प्रमुख मार्ग बने अघोषित बस स्टैण्ड उठाया था। इसको संज्ञान में लेते हुये जिला प्रशासन द्वारा बस संचालकों की बैठक लेकर यह स्पष्ट निर्देश दिये गये कि बस स्टैण्ड से बस के निकलने के बाद शहर के विभिन्न मार्गों में नहीं रूकेंगे। खासतौर से सम्राट चौराहा में बसों का रूकना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
आगामी कुछ दिनों में बंद होगा पुराना बस स्टैण्ड
बैठक में निर्देश दिये गये कि आगामी कुछ समय में पुराने बस स्टैण्ड का संचालन बंद किया जाना है। ऐसे में बस संचालकों को मड़वास, कुसमी व पटपरा मार्ग में चलने वाली बसों को नवीन बस स्टैण्ड से संचालित करना होगा। इसके बाद अब यह साफ हो गया है कि पुराना बस स्टैण्ड का संचालन जल्द ही पूरी तरह से बंद हो जायेगा, यहां नगर पालिका द्वारा वृहद शापिंग काम्पलेक्स का निर्माण कराया जायेगा।
इनका कहना है
जिला परिवहन अधिकारी द्वारा जारी दिशा निर्देश स्वागत योग्य है। सभी बस संचालकों एवं आपरेटरों से अपील है कि शहर के मार्गों को अवैध बस स्टापेज नही बनाये। बसें नवीन बस स्टैण्ड में ही खड़ी करें। जिससे भविष्य में किसी प्रकार के अर्थदण्ड एवं कार्यवाही का सामना ना करना पड़े।
प्रदीप सिंह परिहार, जिलाध्यक्ष परिवहन प्रकोष्ठ सीधी
