नई दिल्ली:विश्व शतरंज के दिग्गज खिलाड़ी और ‘मोजार्ट ऑफ चेस’ कहे जाने वाले मैग्नस कार्लसन ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट 2025 जीत लिया है। अंतिम राउंड में भारत के अर्जुन एरिगैसी से मुख्य मुकाबला ड्रॉ रहा, जिसके बाद कार्लसन ने कुल 16 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। भारत के डी गुकेश को अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारूआना से हार का सामना करना पड़ा और वे तीसरे स्थान पर रहे।
हालांकि, छठे राउंड में गुकेश ने मैग्नस को क्लासिकल शतरंज में हराकर सनसनी मचा दी थी। उस हार के बाद कार्लसन ने गुस्से में मेज पर मुक्का मारा, लेकिन फिर गुकेश से माफी मांगी। नॉर्वे में जन्मे कार्लसन पांच बार के विश्व चैंपियन हैं और रैपिड व ब्लिट्ज फॉर्मेट में भी कई खिताब जीत चुके हैं। उनका रिकॉर्ड 2882 रेटिंग अंक इतिहास में सबसे ऊंचा है। 2023 में उन्होंने FIDE वर्ल्ड कप और हाल ही में फ्रीस्टाइल चेस ग्रैंड स्लैम टूर के फाइनल में डी गुकेश को हराकर एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की। 2013 में उन्होंने भारत के विश्वनाथन आनंद को हराकर पहला विश्व खिताब जीता था।
