नेमावर में पुलिस कार्यप्रणाली पर भड़का आक्रोश ‘जल्दबाजी’ में की गई FIR से बढ़ा तनाव; नगर रहा बंद

देवास। नेमावर में शनिवार शाम को हुए दो पक्षों के आपसी विवाद ने अब एक गंभीर मोड़ ले लिया है। इस मामले में पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई अब खुद सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामला बेहद संवेदनशील होने के बावजूद पुलिस ने बिना किसी प्राथमिक विवेचना के जल्दबाजी में FIR दर्ज कर ली। पुलिस के इस कदम ने न केवल निर्दोषों को आरोपी बनाया, बल्कि नगर में सांप्रदायिक असंतोष की स्थिति भी पैदा कर दी।

*मददगारों और बच्चों को बनाया आरोपी*

रविवार को इस कार्रवाई के विरोध में धनगर समाज ने सर्वसम्मति से ‘नगर बंद’ का आह्वान किया, जिसका व्यापारिक वर्ग ने पूर्ण समर्थन किया। समाज के प्रतिनिधियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि घटना के समय जो लोग बीच-बचाव करने और घायलों को अस्पताल पहुँचाने की मानवीय मदद कर रहे थे, पुलिस ने उन्हें ही नामजद आरोपी बना दिया। हद तो तब हो गई जब पुलिस ने एक 6 साल के मासूम बच्चे तक पर FIR दर्ज करने में संकोच नहीं किया।

*जाट समाज ने थाने पर दर्ज कराया कड़ा विरोध*

वहीं, दोपहर 3 बजे जाट समाज के सैकड़ों लोग नेमावर थाने पहुँचे और पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। समाज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि घर की महिलाएं हमला करने नहीं, बल्कि अपने परिजनों को बचाने और विवाद शांत कराने के लिए बाहर आई थीं। पुलिस ने बिना जमीनी हकीकत जाने उन पर गंभीर धाराएं लगा दीं, जिससे सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुँची है।

*विवेचना होती तो नहीं पनपता विवाद*

जानकारों का मानना है कि यदि पुलिस प्रशासन ने एफआईआर दर्ज करने से पहले निष्पक्ष जांच और विवेचना की होती, तो महिलाओं, बच्चों और मददगारों के नाम सूची में शामिल नहीं होते। पुलिस की इसी ‘हड़बड़ी’ ने विवाद को सुलझाने के बजाय और उलझा दिया। यदि तथ्यों की पड़ताल पहले की जाती, तो आज नगर में इस तरह के तनाव और बंद की नौबत ही नहीं आती।

*प्रशासन का आश्वासन*

देर शाम तक नगर में तनावपूर्ण शांति बनी रही। पुलिस के आला अधिकारियों ने समाजों द्वारा दिए गए ज्ञापनों को स्वीकार करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर FIR की दोबारा समीक्षा की जाएगी और निर्दोषों के नाम हटाए जाएंगे। फिलहाल, एहतियात के तौर पर नेमावर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।

Next Post

पेड़ से टकराई कार, तीन की मौत, तीन घायल

Mon Apr 27 , 2026
छिंदवाड़ा। उमरानाला क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। वही 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि नागपुर में हज यात्रियों को छोड़कर सिंगोड़ी लौट रही थी। इस दौरान सामने कोई […]

You May Like