भोपाल। अहिंसा के प्रणेता भगवान महावीर स्वामी के ज्ञान कल्याणक पर राजधानी के जैन मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण रहा। विभिन्न मंदिरों में अभिषेक, पूजन और विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए। लालघाटी स्थित श्री शांति नाथ जिनालय में रत्नमयी महावीर स्वामी सहित जिन प्रतिमाओं का विधिवत अभिषेक किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर समिति प्रवक्ता सौरभ जैन ने बताया कि प्रतिमाधारी व्रती अंशुल भैया के प्रवचन आचार्य विशुद्ध सागर महाराज रचित ग्रंथ पर आधारित रहे। अंशुल भैया ने कहा कि पवित्र चिंतन से मन और आचरण निर्मल बनते हैं तथा प्रत्येक जीव के प्रति प्रेम और मैत्री भाव रखना आवश्यक है।
शहर के प्रमुख जैन मंदिरों में भी ज्ञान कल्याणक पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
