इंदौर: भंडारी ब्रिज पर सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बतायाकि एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गई. हादसे के वक्त किसी प्रशासनिक अधिकारी का काफिला ब्रिज से गुजर रहा था. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
एमजी रोड विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि घटना देर रात की है, 30 वर्षीय नितेश पिता सुरेश यादव, निवासी सोमनाथ की चाल, अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी भंडारी ब्रिज पर तेज रफ्तार इनोवा ने उसे टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बाइक समेत फुटपाथ से जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया. राहगीरों और एक ओला कैब ड्राइवर ने तत्काल मदद करते हुए घायल नितेश को एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया है कि टक्कर मारने वाला वाहन उस काफिले का हिस्सा था जो हादसे के समय ब्रिज से गुजर रहा था. वहीं परिजनों ने बताया कि नितेश सियागंज स्थित एमपीईबी ऑफिस में निजी ड्राइवर के रूप में कार्यरत था. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा रही है. अधिकारी काफिले की पुष्टि या उसमें शामिल वाहनों की जानकारी जुटाने में लगे हैं.
