जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा शासकीय सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी के कारण मरीजों को इलाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह अस्पताल पहुंचे मरीज डॉक्टरों का इंतजार करते नजर आए। एक महिला डॉक्टर के बाहर लंबी कतार लगी थी, जबकि कई डॉक्टरों के कमरे खाली थे या उन पर ताला लगा हुआ था।
अस्पताल प्रभारी डॉ. सुनील लटियार ने बताया कि अस्पताल में कई डॉक्टरों का ट्रांसफर हो चुका है। जहां अस्पताल में 10 डॉक्टरों का स्टाफ होना चाहिए, वहां फिलहाल केवल 3 डॉक्टर ही सेवाएं दे रहे हैं। यही डॉक्टर अलग-अलग शिफ्ट में पूरे अस्पताल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
डॉक्टरों की कमी का सीधा असर मरीजों पर पड़ रहा है। इलाज के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कई मरीज बिना इलाज के ही वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में जल्द नए डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की है, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो सकें।
