मोहम्मद अजहरुद्दीन ने चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर से सरफराज खान को फिर मौका देने की अपील की है। 28 वर्षीय सरफराज नवंबर 2024 के बाद से टीम इंडिया से बाहर हैं।
मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मुकाबला नवंबर 2024 में खेला था, जिसके बाद से उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। रन बनाने के मामले में सरफराज का बल्ला लगातार बोल रहा है और वह चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अभी तक टीम इंडिया में वापसी का मौका नहीं मिला है।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
सरफराज खान ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 157, 55 और 62 रनों की अहम पारियां खेलीं। वहीं रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने दोहरा शतक लगाते हुए 227 रन बनाए। इसके अलावा सरफराज ने अपनी फिटनेस पर भी खासा काम किया है और अपना वजन कम किया है, जिससे उनकी फुर्ती और फिटनेस में साफ सुधार देखने को मिला है।
