जबलपुर: गोसलपुर थाना अंतर्गत सिलुआ में एक किसान को व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड खोलना भारी पड़ गया। ठग ने किसान के बैंक खाते में सेंध लगाकर किस्तों में कुल 2,58,191 रुपये पार कर दिए।पुलिस ने बताया कि सिलुआ निवासी संदीप कुमार साहू (38) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से फाइल आई थी। फाइल के साथ शादी का निमंत्रण लिखा था। जैसे ही संदीप ने कार्ड देखने के लिए उसे डाउनलोड किया, उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया।
हालांकि फाइल डिलीट कर दी और मोबाइल ठीक करवा लिया, लेकिन शातिर ठग ने उसी दौरान उनके फोन का कंट्रोल हासिल कर लिया था। पहले खाते से महज 218 रुपये काटे गए ताकि पीड़ित को शक न हो। छोटी-छोटी रकम फिर निकाली गई। महज एक घंटे के भीतर 10 ट्रांजेक्शन किए गए। जब मोबाइल पर 46,116 रुपये कटने का मैसेज आया, तब संदीप ने तत्काल भारतीय स्टेट बैंक की गोसलपुर शाखा पहुँचकर खाता चेक करवाया।
बैंक स्टेटमेंट देखते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई उनके मेहनत की कमाई के 2 लाख 58 हजार रुपये निकाले जा चुके थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से उन बैंक खातों और लोकेशन की तलाश कर रही है जहाँ यह पैसा ट्रांसफर हुआ है।
