प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा: डॉ राजेश

सीधी। जिले में नारी शक्ति वंदन को एक सशक्त जनअभियान के रूप में आगे बढ़ाते हुए अवनि कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन पीएम श्री शासकीय कन्या उच्च. माध्य. विद्यालय चुरहट में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले की अग्रणी एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बहनों को सम्मानित कर उन्हें समाज के समक्ष रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना रहा ताकि अन्य महिलाएं भी उनसे प्रेरणा लेकर विकास की मुख्यधारा में सक्रिय रूप से जुड़ सकें।

कार्यक्रम में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को मिली नई गति और दिशा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं को केवल योजनाओं के लाभार्थी के रूप में नहीं बल्कि देश के विकास की अग्रणी शक्ति के रूप में स्थापित किया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, स्व सहायता समूहों का सशक्तिकरण जैसी पहलों ने महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है। सांसद डॉ.मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच नारी शक्ति से राष्ट्र शक्ति की है जिसके तहत महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नेतृत्व के क्षेत्र में समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। सांसद ने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ लें, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और समाज में सकारात्मक बदलाव की भागीदार बनें। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि समाज के विकास की वास्तविक गति तभी संभव है जब महिलाएं हर क्षेत्र में सशक्त और सक्रिय हों। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और नेतृत्व के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं जो एक सकारात्मक बदलाव का संकेत है। भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं बल्कि समाज के सतत विकास की आधारशिला है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष नगर परिषद चुरहट मोनिका गुप्ता, अध्यक्ष जनपद रामपुर नैकिन उर्मिला साकेत, अध्यक्ष महिला बाल विकास एवं स्वास्थ्य समिति जनपद रामपुर नैकिन करूणा सिंह, नामांकित सदस्य महिला एवं बाल विकास के आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/ सहायिका खंड स्तरीय चयन समिति सुषमा कुशवाहा, सीएमएचओ सीधी बबीता खरे, डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक, तहसीलदार चुरहट साक्षी गौतम, अमृता पाण्डेय, साक्षी पाण्डेय, कुमारी ओमिका शुक्ला, अंजुला दाहिया एवं मनोरमा सिंह, कुमारी राधा रजक, किरण तिवारी, कुमारी आंचल पटेल व पत्रकार मंटो रैकवार मंचासीन रहे।

महिलाओं व किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण

चिरैया अभियान के तहत महिलाओं एवं किशोरियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व को समझाना रहा। इस दौरान 30 किशोरियों को एचपीवी टीका लगाया गया, जो सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा किशोरियों एवं महिलाओं को स्वच्छता, पोषण एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

उत्कृष्ट महिलाओं का मिला विशेष स्थान

कार्यक्रम की सबसे विशिष्ट बात यह रही कि मंच पर स्थान उन्हीं महिलाओं को दिया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर समाज में एक अलग पहचान बनाई है। इन महिलाओं का सार्वजनिक रूप से सम्मान कर उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में प्रस्तुत किया गया। यह पहल न केवल सम्मानित महिलाओं के लिए गौरव का क्षण रही बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी, जिससे वे भी अपने जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित हों।

Next Post

दिल्ली से इंदौर उड़ान में देरी और अव्यवस्था, यात्रियों ने किया हंगामा

Sat Apr 25 , 2026
इंदौर। एयर इंडिया की दिल्ली से इंदौर आने वाली फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह फ्लाइट रोजाना दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से उड़ान भरती है और 1:45 बजे इंदौर पहुंचती है, लेकिन इस बार उड़ान से पहले ही विमान में दिक्कत […]

You May Like