शादी 5 से 6 लाख रुपए महंगी, सिलेंडर भी नहीं मिल रहे

नीमच। प्रदेश में आगामी ढाई महीने में 20 हजार से ज्यादा शादियां होंगी। बाजारों में भीड़ है, लेकिन महंगाई ने बजट बिगाड़ दिया है। सोना-चांदी के गहने और इलेक्ट्रॉनिक आयटम महंगे हुए हैं। सिलेंडर की किल्लत से कैटरर्स ने थाली के रेट 100 रुपए तक बढ़ाए हैं। इसका असर सबसे ज्यादा मध्यवर्गीय परिवार पर पड़ा है। ऐसे परिवारों में शादी पर 5 से 6 लाख रुपए तक ज्यादा खर्च हो रहा है।

एक मिडिल क्लास परिवार के जरिए आपको समझाते हैं कि एक शादी में महंगाई का कितना असर पड़ रहा है…?

जिले के जीरन निवासी पलक के भाई की हाल ही में शादी हुई थी। अब वे चचेरी बहन की शादी की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि बजट के कारण कई चीजें कम की गईं। सोना-चांदी महंगा होने से बजट बिगड़ा है। गार्डन और खाने के बाद सबसे ज्यादा खर्च जेवर पर हो रहा है। भाई की शादी में कुल बजट 5 लाख रुपए तक बढ़ गया था।

सिलेंडर की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी

साथ ही बताया कि भाई की शादी में जैसे-तैसे सिलेंडर की व्यवस्था की थी, लेकिन बहन की शादी में सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। इसलिए लकड़ी के चूल्हों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पडऩे पर खाना बनाया जा सके।

कैटरर्स आशीष अग्रवाल ने बताया कि सिलेंडर की कमी से दिक्कतें हैं और कुछ किराना सामान भी महंगा हुआ है। पुरानी बुकिंग पुराने रेट पर हैं, लेकिन नई बुकिंग नए रेट पर की जा रही है। रिसेप्शन की एक यदि प्लेट के रेट 800 से 1000 रुपए हैं। इसमें 100 रुपए तक बढ़ोतरी हुई है। 500 लोगों के रिसेप्शन में 50 हजार से 1 लाख रुपए तक अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है।

1 साल में सोना 60 हजार, चांदी डेढ़ लाख तक महंगी

नीमच के सराफा कारोबारी मुकेश सक्सेना ने बताया कि बाजार की रीढ़ मिडिल क्लास फैमिली है और रेट बढऩे का असर सबसे ज्यादा इसी पर पड़ा है। पिछले 1 साल में सोना-चांदी के रेट तेजी से बढ़े हैं। सोना करीब 60 हजार रुपए तक महंगा हुआ और चांदी के दाम डेढ़ लाख रुपए तक बढ़े हैं। इससे शादी में आभूषण का बजट 5 लाख रुपए तक बढ़ गया है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी 5 प्रतिशत तक महंगे हुए हैं।

ऐसे समझें बजट का गणित

मुकेश सक्सेना ने बताया कि पहले 5 लाख में 2 तोला सोना और 1 किलो चांदी मिलती थी, लेकिन अब 1 तोला सोना और आधा किलो चांदी ही मिल रही है। वजन बढ़ाने पर बजट 5 लाख रुपए तक बढ़ रहा है। कई लोग मौजूदा बजट में ही ज्वेलरी बनवा रहे हैं।

शादियों की धूम, 14 मई से लगेगा ब्रेक

खरमास समाप्त होने के बाद प्रदेश में शादियों की धूम है। 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर हजारों विवाह हुए। 26 अप्रैल को भी शादियां हैं। इसके बाद 5 से 14 मई तक शादियों के शुभ मुहूर्त हैं। फिर एक महीने के लिए वैवाहिक आयोजनों पर ब्रेक लगेगा।

19 जून से 7 जुलाई तक फिर शादी का दौर चलेगा। यानी, ढाई महीने तक प्रदेश में वैवाहिक आयोजन होंगे। इसके अलावा गृह प्रवेश, यज्ञोपवीत और मुंडन के भी मुहूर्त हैं।

Next Post

सड़क पर मिला ग्रामीण युवक का लहूलुहान शव 

Sun Apr 26 , 2026
इछावर। आज रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब मोलगा से रामनगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक युवक की खून से सनी लाश मिली राहगीरों ने सड़क किनारे शव देख तत्काल पुलिस को सूचना दी. मृतक के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया […]

You May Like