
भोपाल। कुचबंदिया विमुक्त घुमंतू जनजाति उत्थान समिति के तत्वावधान में निशुल्क सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 14 दूल्हों की बारात रेलवे कॉलोनी से धूमधाम के साथ निकली, जो प्लेटफार्म नंबर-1 स्थित रेलवे ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।
बारात में पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक उत्साह का विशेष रंग देखने को मिला। इसके बाद निर्धारित स्थल पर समूह विवाह की रस्में विधि-विधान से पूरी कराई गईं। आयोजन का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना रहा।
समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन और स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
