राजशाही, 25 अप्रैल (वार्ता) गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद हसिनी परेरा (95), इमेशा दुलानी (56) और हर्षिता समरविक्रमा (नाबाद 44) रनों की पारियों की बदौलत श्रीलंका की महिला टीम ने शनिवार को तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में बंगलादेश को 21 गेंद शेष रहते सात विकेट से हरा दिया। इसी के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की महिला टीम ने 46.3 ओवरों में तीन विकेट पर 214 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट ससे अपने नाम कर लिया। श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पांचवें ही ओवर में कप्तान चामरी अटापट्टू (10) का विकेट गंवा दिया। उन्हें मरूफ़ा अख़्तर ने आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी इमेशा दुलानी ने हसिनी परेरा के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिये 108 रनों की साझेदारी हुई।
मरूफ़ा अख़्तर ने 32वें ओवर में इमेशा दुलानी को आउट कर बंगलादेश को दूसरी सफलता दिलाई। इमेशा दुलानी ने 79 गेंदों में सात चौके लगाते हुए 56 रन बनाये। 46वें ओवर में सोभना मोस्तारी ने शतक की ओर बढ़ रही हसिनी परेरा का शिकार कर लिया। हसिनी परेरा ने 131 गेंदों में 13 चौके लगाते हुए 95 रनों की पारी खेली। हर्षिता समरविक्रमा ने नाबाद 44 रन बनाये। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके लगाये। इससे पहले आज यहां बंगलादेश की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 213 रनों का स्कोर बनाया। सोभना मोस्तारी ने टीम के लिए सर्वाधिक 74 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में आठ चौके लगाये। कप्तान निगार सुल्ताना ने (40), शर्मिन अख्तर ने (25), रितु मोनी ने (20), सरमिन सुल्ताना ने (17) और फरगाना हक ने (11) रनों का योगदान दिया। श्रीलंका के लिए कविशा दिलहारी ने तीन विकेट लिये। निमाशा मीपेज को दो विकेट मिले। माल्की मदारा और चामरी अटापट्टू ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

