
इंदौर. तीनों कृषि उपज मंडियों चोइथराम मंडी, लक्ष्मी नगर मंडी और छावनी मंडी में अव्यवस्थाओं के चलते किसानों, हम्मालो और व्यापारियों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है. मंडियों में असुरक्षा , बढ़ती चोरी की घटनाएं और अवैध वसूली के चलते जहां किसान मंडी में माल लाने से घबराने लगे हैं ,वही व्यापारियों और हम्मालों में भी असुरक्षा की भावना है । जिसके चलते तीनों मंडियों में व्यापार पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है .असामाजिक तत्वों का बोलबाला है तथा आए दिन मारपीट की घटनाएं होती रहती है । लाइसेंसी हम्मालों के अतिरिक्त भी कई हम्माल सक्रिय हैं जो हमेशा झगड़ा पर उतारू रहते हैं. इन सहित समस्याओं को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े संगठन किसान संघर्ष समिति अखिल भारतीय किसान मजदूर संगठन, किसान मजदूर सभा, भारतीय किसान मजदूर सेना और किसान सभा अजय भवन ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए आज कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया और कलेक्टर को ज्ञापन दिया । प्रदर्शन का नेतृत्व रामस्वरूप मंत्री, बबलू जाधव, शैलेंद्र पटेल और प्रमोद नामदेव, अरुण चौहान रुद्रपाल यादव, मुन्नालाल कौशल ने किया. प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर को एसडीएम गोपाल वर्मा के माध्यम से दिए गए ज्ञापन में मांग की है कि मंडियों की तमाम व्यवस्थाओं और व्यापारियों तथा अन्य लोगों से अवैध वसूली के लिए मंडी सचिव और उनके अधीनस्थ अधिकारी जिम्मेदार हैं इसलिए मंडी सचिव को तत्काल इंदौर से हटाया जाए.
