
भोपाल: बीएचईएल इंटर-यूनिट एथलेटिक्स टूर्नामेंट 2025 का समापन गुरुवार को बीएचईएल भोपाल स्पोर्ट्स क्लब में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता टी. यू. सिंह, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने की। इस अवसर पर हेमराम पटेल, महाप्रबंधक (एससीआर); जन्मेजय शर्मा, महाप्रबंधक (वित्त); सपन सुहाने, अपर महाप्रबंधक (एचएसई); उपेन्द्र कुमार सिंह, अपर महाप्रबंधक (प्रचार एवं जनसंपर्क) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
देशभर की विभिन्न बीएचईएल इकाइयों से कुल नौ टीमों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। त्रिची इकाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैम्पियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि भोपाल इकाई को प्रथम रनर-अप और रानीपेट इकाई को द्वितीय रनर-अप ट्रॉफी प्रदान की गई। भोपाल इकाई के शेखर चन्द्र धरूआ को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
अपने संबोधन में टी. यू. सिंह ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करते हैं बल्कि कर्मचारियों के बीच एकता और सहयोग की भावना को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा, “जैसे बीएचईएल की विभिन्न इकाइयाँ अपने-अपने उत्पादों के माध्यम से देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करती हैं, उसी प्रकार हम सभी एक टीम भावना के साथ मिलकर बीएचईएल को नई ऊँचाइयों तक ले जाते हैं।”
अपने विचार व्यक्त करते हुए हेमराम पटेल ने कहा कि प्रत्येक बीएचईएल कर्मचारी एक योद्धा की तरह है, जो किसी भी कठिन कार्य को दृढ़ संकल्प और अनुशासन से पूरा कर सकता है। उन्होंने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि “हमारी मेहनत का एक भी पसीने का कतरा व्यर्थ न जाए,” इसलिए हर कार्य को पूर्ण समर्पण और एकाग्रता के साथ संपन्न करना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन वी. एस. चौहान, अपर महाप्रबंधक (स्पोर्ट्स क्लब) द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
