
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का 36वां दीक्षांत समारोह इस बार बेहद खास होने वाला है। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंच पर विराजमान होंगी। अति विशिष्ट अतिथियों में राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. इंदर सिंह परमार भी शिरकत करेंगे। इस खास आयोजन की तैयारियों के लिए पूरा जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। बुधवार को स्वयं संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया अपनी टीम के साथ विश्वविद्यालय पहुंचे और उन्होंने प्रो. राजेश कुमार वर्मा के साथ मिलकर सभी तैयारियों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इधर राष्ट्रपति के आने को लेकर विश्वविद्यालय सहित पूरा प्रशासन व्यवस्था बनाने और सुरक्षा घेरा को लेकर तैयारियों में जुटा रहा। समारोह में सुरक्षा इतनी कड़ी रहेगी कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।
अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
लोकभवन से लेकर जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी लगातार विश्वविद्यालय प्रशासन के सम्पर्क में हैं, और पल-पल की रिपोर्ट भेज रहे हैं। बुधवार को प्रो. राजेश वर्मा, कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल, विवि दीक्षांत समिति संयोजक प्रो. एसएस संधू, प्रो. राकेश बाजपेयी ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर बनाए गए लगभग एक दर्जन कमेटी के सदस्यों सहित प्रशासन के अधिकारियों के साथ दिनभर बैठकें कीं। वहीं दूसरी ओर प्रो. ममता राव के निर्देशन में मंच पर रिहर्सल से लेकर कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा पाइंट टू पाइंट डिस्कस की गई। इस बीच कलेक्टर, एसपी, यातायात, मेडिकल एवं सुरक्षा से जुड़े तमाम अधिकारी भी अपनी रिपोर्ट तैयार करने विश्वविद्यालय परिसर में एक के बाद एक पहुंचते रहे।
