सीवरेज कार्य की लापरवाही से अमृत जल पाइपलाइन टूटी, हजारों लीटर पानी सड़क पर बहा

सिंगरौली: नगर पालिका निगम क्षेत्र के बिलौजी स्थित बिजली विभाग पचखोरा तिराहा के पास शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे अमृत जल योजना की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। सुबह के समय अचानक सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी फैलने से राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान इस ओर गया। देखते ही देखते सड़क के एक बड़े हिस्से पर पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि सीवरेज निर्माण कार्य के दौरान खुदाई के चलते अमृत जल योजना की पाइप लाइन टूट गई, जिसके कारण यह स्थिति निर्मित हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाइप लाइन टूटने के बाद काफी देर तक पानी लगातार बहता रहा, लेकिन संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की ओर से तत्काल सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया। इससे बड़ी मात्रा में पेयजल व्यर्थ बहता रहा। लोगों का कहना है कि शहर में सीवरेज परियोजना के निर्माण के दौरान अक्सर ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां लापरवाहीपूर्वक की जा रही खुदाई से जलापूर्ति पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इसके बावजूद न तो निर्माण एजेंसी पर कोई सख्त कार्रवाई की जा रही है और न ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक ओर बैढ़न शहर के कई वार्ड ऐसे हैं, जहां गर्मी के मौसम में पेयजल संकट गहराने लगा है। लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है और कई इलाकों में जलापूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है। वहीं दूसरी ओर जिम्मेदारों की अनदेखी और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण अमृत जल योजना का पानी खुलेआम सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है। यह स्थिति प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

नागरिकों ने मांग की है कि सीवरेज निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां-जहां जल पाइप लाइनें गुजर रही हैं, वहां विशेष सावधानी बरती जाए। साथ ही पाइप लाइन क्षतिग्रस्त करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सार्वजनिक संसाधनों की इस तरह बर्बादी रोकी जा सके। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।

Next Post

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकिंग जगत को 'Mythos AI' के खतरों से आगाह किया, एंथ्रोपिक के शक्तिशाली मॉडल से निपटने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा अलर्ट जारी

Sat Apr 25 , 2026
नई दिल्ली | भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों के लिए एक गंभीर चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि एंथ्रोपिक द्वारा विकसित ‘Mythos AI’ मॉडल सुरक्षा के लिए ‘अभूतपूर्व’ खतरा बन सकता है। एआई का यह नया स्वरूप इतना शक्तिशाली है कि यह दशकों […]

You May Like