जबलपुर: नगर निगम प्रशासन इन दिनों शहर के लंबित औद्योगिक और व्यापारिक मामलों को सुलझाने के लिए ‘एक्शन मोड में नजर आ रहा है। रिछाई औद्योगिक क्षेत्र के जटिल टैक्स मामलों को सफलतापूर्वक सुलझाने के बाद, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार अब शहर के हृदय स्थल नया बाजार की समस्याओं के निराकरण के लिए खुद मैदान में उतर आए हैं।
शनिवार को निगमायुक्त ने नया बाजार क्षेत्र का दौरा किया और वहां की जमीनी स्थितियों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों से बाजार की वर्तमान स्थिति, लंबित प्रकरणों और व्यापारियों की समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली। दौरे के दौरान निगमायुक्त के तेवर स्पष्ट थे, वे केवल फाइलों की स्थितियों को देखकर शीघ्र ही धरातल पर समाधान निकालेंगे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नया बाजार के मामलों का गहन अध्ययन कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
व्यापारियों में बढ़ा विश्वास
रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में टैक्स संबंधी मामलों को जिस कुशलता से सुलझाया गया, उससे व्यापारियों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। अब नया बाजार मामले में भी वैसी ही तत्परता देखने को मिल रही है। निगमायुक्त ने बताया कि हमारा उद्देश्य शहर के व्यापारिक क्षेत्रों में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। रिछाई की तर्ज पर नया बाजार के मामलों को भी सुलझाने के लिए सार्थक और सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके और शहर का विकास बाधित न हो।
