
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र में पालसोड़ा और अड़मलिया के बीच गुरुवार शाम एक सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अड़मलिया से तीन युवक एक कार में सवार होकर पालसोड़ा में आयोजित एक शादी समारोह में भोजन व्यवस्था के लिए जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार अचानक बेकाबू होकर सडक़ किनारे खेत में जा पलटी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को तुरंत पालसोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नीमच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
मृतक और घायलों के नाम
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने लोकेश पिता नंदकिशोर सेन (22 वर्ष), निवासी बिसलवास सोनगरा, को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में विशाल पिता विनोद सेन (20 वर्ष), निवासी बिसलवास सोनगरा और मनीष पिता पुरुषोत्तम कुमार नागदा (18 वर्ष), निवासी अड़मलिया, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर में जमा हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह किया जाएगा।
