कांग्रेस सेवादल का 24 घंटे का किसान सत्याग्रह समाप्त, ग्वालियर से बड़वानी तक हाईवे जाम की चेतावनी

भोपाल। कांग्रेस सेवादल द्वारा आयोजित 24 घंटे का किसान सत्याग्रह एवं उपवास शुक्रवार को समाप्त हो गया। इस दौरान चेतावनी दी गई कि यदि किसानों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। दोपहर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष अवनीश भार्गव को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।

सभा को संबोधित करते हुए पटवारी ने कहा कि यह अभियान तथाकथित “केंद्र सरकार की गारंटी” को धरातल पर लागू करवाने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि किसानों को गेहूं ₹2700 प्रति क्विंटल की घोषित कीमत के बजाय ₹1800 या उससे कम पर फसल बेचने को मजबूर किया जा रहा है।

उन्होंने खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्थाओं, खासकर तौल प्रणाली में गड़बड़ी, की ओर भी ध्यान दिलाया। पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि आठ दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़वानी से ग्वालियर-चंबल तक आगरा-मुंबई हाईवे को जाम कर आंदोलन को उग्र किया जाएगा।

उपवास समाप्ति के बाद भार्गव ने सत्याग्रह को “सिर्फ शुरुआत” बताते हुए कहा कि फसल बीमा योजनाओं में कथित लूट, नरवाई के नाम पर किसानों के उत्पीड़न और ऋण वसूली के दबाव जैसे मुद्दे गंभीर हैं।

सत्याग्रह के समापन पर भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। इसके बाद किसानों की मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की गई।

Next Post

आजाद नगर में दूषित पानी मिलने की शिकायत पर पहुंचे निगम आयुक्त

Fri Apr 24 , 2026
रीवा। शहर के वार्ड क्रमांक 16 आजाद नगर में दूषित पानी की शिकायत मिलने पर नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन ने क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समस्या के कारणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और […]

You May Like