बेहतर दिल्ली’ के लिए युवा कांग्रेस मई से शुरू करेगा विशेष अभियान

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जीवन को बेहतर बनाने के लिए उसका युवा संगठन युवा कांग्रेस ने ‘बेहतर दिल्ली, संवाद, संघर्ष और समाधान’ कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है जिसके तहत मोहल्ला स्तर पर नागरिकों के साथ संवाद के लिए अभियान चलाया जाएगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव तथा दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय कालरा ने शुक्रवार को यहाँ पार्टी मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली की तस्वीर को तबाह किया जा रहा है और दुनिया भर में भारत की राजधानी दिल्ली की पहचान सबसे बड़े प्रदूषित शहर के रूप में हो रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी और भाजपा पर आरोप लगाया कि उनके भ्रष्टाचार की वजह से दिल्ली के लोगों का सम्मानजनक जीवन जीने का हक़ छिन गया है।

श्री माकन ने कहा कि दिल्ली को बर्बाद करने के लिए सबसे ज्यादा जिम्मेदार यहां की तबाह की गई सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और आये दिन हो रहे निर्माण कार्य हैं। दिल्ली में प्रदूषण तथा अन्य समस्याओं का समाधान इन दिक्कतों की वजह से सबसे ज्यादा बढ़ रहा है और प्रदूषण दिल्ली के लोगों के लिए गहरा संकट बन गया है।

उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार ने मनरेगा खत्म किया है तब से शहरों पर दबाव बढ़ गया है और देश की 40 प्रतिशत आबादी गांव में रोजगार नहीं मिलने के कारण शहरों की तरफ पलायन कर रही है। उन्होंने कहा मनरेगा खत्म होने से रेहडी पटरी वाले, गिग वर्कर्स तथा अन्य की समस्याएं शहरों में बढ़ रही है जिससे लोगों का शहरी जीवन ज्यादा कठिन हो गया है। उनका कहना था कि फिलहाल दिल्ली को जल भराव और कूड़ा संकट से मुक्ति दिलाने की सख्त जरूरत है।

श्री चिब ने कहा कि उनका संगठन शहरी इलाकों में लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए सबसे पहले दिल्ली में संवाद संघर्ष और अभियान की शुरुआत कर रहा है और उसका यह कार्यक्रम एक मई से शुरू हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं में जो जोश खरोश है और हुए दिल्ली के लोगों के संकट के समाधान के लिए हर कदम उठाने को तैयार है। उनका कहना था कि दिल्ली में गर्मियों के दिनों तथा बरसात के दिनों जो समस्याएं आम लोगों की रहती है उनके समाधान के लिए मोहल्ला स्तर पर संवाद किया जाएगा और उसके निदान के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। उनका यह भी कहना था कि बरसात में दिल्ली में जल भराव की समस्या होती है, डेंगू जैसी बीमारियां फैलती है और उसके लिए सरकार क्या कर रही है इसको लेकर उनके संगठन के लोगों से संवाद करेंगे।

श्री यादव ने कहा कि बेहतर दिल्ली अभियान युवा कांग्रेस का अनूठा कार्यक्रम है और इससे दिल्ली में जल भराव तथा अन्य समस्याओं की समाधान के लिए काम करते हुए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। उनका कहना था की दिल्ली कूड़े का ढेर बना दिया गया है और उच्चतम न्यायालय में 2022 में इसके लिए जो दिशा निर्देश दिए थे उनके हिसाब से सरकार कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सिर्फ घोषणा करती है और उसकी इसके समाधान के लिए कोई योजना नहीं होती है।

 

 

Next Post

उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल के मतदाता सूची से हटाए गए निर्वाचन अधिकारियों की याचिकाएं खारिज कीं

Fri Apr 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को उन व्यक्तियों की रिट याचिकाओं पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया, जिन्हें मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) के बाद पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया था, जबकि वे वर्तमान विधानसभा चुनाव में निर्वाचन […]

You May Like