
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 में निवेशकों और उद्योगपतियों से संवाद कर मध्यप्रदेश को टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर उद्योग के लिए आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश के टेक्सटाइल क्षेत्र को वैश्विक निवेश के नए अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में उद्योग बैठकों, एमओयू और निवेश संवाद पर विशेष फोकस रखा गया है। मुख्यमंत्री ने भारत टेक्स-2026 का अवलोकन करने के साथ मध्यप्रदेश पवेलियन का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ आयोजित राउंड टेबल बैठक में भाग लिया, जिसमें टेक्सटाइल इकोसिस्टम, निवेश संभावनाओं, निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता, सतत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह सहित 100 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे तथा “मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर” विषय पर आयोजित इंटरैक्टिव सत्र को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कपास उत्पादन से लेकर गारमेंट निर्माण तक संपूर्ण टेक्सटाइल वैल्यू चेन उपलब्ध है और धार में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क वैश्विक निवेशकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
