भोपाल। राजधानी के करोंद और गांधीनगर क्षेत्र में पिछले एक महीने से रसोई गैस सिलेंडरों की गंभीर कमी ने आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बढ़ती शिकायतों के बीच कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला स्थानीय नागरिकों के साथ सूरज नगर स्थित जानवी गैस एजेंसी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
स्थिति यह है कि सैकड़ों परिवार सिलेंडर पाने के लिए रोजाना चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है। उपभोक्ताओं को एजेंसी के एयरपोर्ट रोड स्थित होने के बावजूद दूर असराम तिराहे पर कतारों में लगना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
एजेंसी प्रबंधक ने साफ तौर पर स्वीकार किया कि “सिलेंडर आ ही नहीं रहे हैं”, जो कि पर्याप्त आपूर्ति के सरकारी दावों पर सवाल खड़े करता है।
मनोज शुक्ला ने इसे प्रशासनिक विफलता करार देते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो कलेक्टोरेट पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सरकार की आम जनता की बुनियादी जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता पर भी सवाल उठाए।
