
मंदसौर। आज प्रातः मंदसौर जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता अत्यंत कम हो गई। सड़कों पर कुछ ही मीटर की दूरी पर वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों व ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों एवं किसानों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन चालकों ने हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर सावधानी पूर्वक आवागमन किया। कोहरे के चलते ठंड में भी बढ़ोतरी महसूस की गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं एवं नमी के कारण अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा बने रहने की संभावना है। प्रशासन एवं यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।
