
जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज द्वारा जबलपुर शहर की लगातार घटती वायुसेवाओं को लेकर इंडिगो एयरलाइन के डायरेक्टर, सेल्स, ईस्ट एवं सेन्ट्रल इंडिया संजीव भट्टाचार्य के नाम ज्ञापन प्रेषित किया जिसे मध्य प्रदेश के सेल्स हेड कुंवर रावत को गत दिवस भोपाल में सौंपा गया। फेडरेशन ने ज्ञापन के माध्यम से जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने एवं बंद हो चुकी उड़ानों को पुन: प्रारंभ करने की मांग की है।
फेडरेशन के अध्यक्ष तथा जबलपुर संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने कहा कि जबलपुर मध्यप्रदेश का एक महत्वपूर्ण संभागीय मुख्यालय होने के साथ-साथ औद्योगिक, शैक्षणिक, व्यापारिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है। इसके बावजूद पिछले कुछ समय से जबलपुर की वायुसेवाओं में लगातार कमी आई है, जिससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन तथा आम नागरिकों को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में जबलपुर से मुंबई एवं बंगलुरू फ्लाइट को रोजाना के स्थान पर सप्ताह में चार दिन किया गया है जिससे फ्लायर्स में रोष व्याप्त है। हिमांशु खरे ने बताया कि पूर्व में जबलपुर से देश के अनेक प्रमुख महानगरों के लिए नियमित उड़ानें संचालित होती थीं, किंतु वर्तमान में कई महत्वपूर्ण सेक्टरों पर वायुसेवाएं बंद या सीमित हो गई हैं। फेडरेशन ने इंडिगो एयरलाइन से मांग की है कि जबलपुर से नियमित एवं पर्याप्त वायुसेवाएं पुन: प्रारंभ की जाएं तथा बंद हो चुकी उड़ानों को तत्काल पुनस्र्थापित किया जाए। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संयुक्त अध्यक्ष विरेंद्र पोरवाल, प्रवीण आचार्य तथा डॉ सुरेंद्र सिंह भी उपस्थित थे।
