
बरगवां । जिले की बरगवां पुलिस ने अवैध कबाड़ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 2.06 लाख रुपये कीमत का एल्युमिनियम तार और कॉपर केबल जप्त किया है।
पुलिस को यह सामग्री बरगवां बरहवाटोला जंगल ऑफिस के पास एक दुकान के सामने संदिग्ध हालत में मिली। मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर जांच शुरू की गई है। जानकारी अनुसार 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगवां बरहवाटोला जंगल ऑफिस के पास स्थित एक दुकान में अवैध रूप से एल्युमिनियम तार रखा गया है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान के सामने खुले स्थान और गेट के पास एल्युमिनियम तार की पांच बोरियां तथा 52 अलग-अलग बंडल मिले। इनका कुल वजन 904.5 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। इसी तरह कॉपर केबल के अंदर का तार दो बोरियों और एक झोले में भरा हुआ मिला।
कबाड़ से जुड़े स्त्रोतों को तलाशने जुटी पुलिस
इस प्रकार पुलिस ने कुल 1,005.860 किलोग्राम एल्युमिनियम एवं कॉपर तार जप्त किया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 6 हजार रुपये है। मौके पर दुकान का मालिक अथवा अन्य कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। पुलिस को जप्त सामग्री के चोरी की संपत्ति होने का संदेह होने पर उसे कब्जे में लेकर मामले को जांच में लिया गया है। अब पुलिस जप्त कबाड़ के स्रोत और इसे दुकान तक पहुंचाने वालों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। यह कार्रवाई एसपी षियाज केएम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरगवां अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में की गई। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, सउनि अरुण पटेल, सउनि वीरेंद्र त्रिपाठी, प्रआर फूल सिंह और विपिन तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
