
चितरंगी । सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सामुदायिक भवन चितरंगी में विशेष शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर योजना की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पात्र एवं इच्छुक उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए मौके पर पंजीयन की प्रक्रिया भी की गई। शिविर में योजना के संबंध में नागरिकों को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना, पात्रता, अनुदान तथा पंजीयन की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं विद्युत विभाग की टीम द्वारा बताया गया कि योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को अपने घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए शासन द्वारा अनुदान उपलब्ध कराया जाता है। कार्यक्रम के दौरान योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और परिवारों को ऊर्जा के क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सिंगरौली जैसे ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिले में सौर ऊर्जा को अपनाने से स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही नागरिकों की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
