मुंबई, 01 अप्रैल (वार्ता) मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर देश की पहली इन-टर्मिनल क्विक कॉमर्स डिलीवरी सेवा शुरू की गयी है। पहली बार किसी टर्मिनल के भीतर इस तरह की सेवा शुरू की गयी है। इससे यात्रियों के लिए बोर्डिंग गेट, लाउंज, फूड कोर्ट और पार्टनर आउटलेट्स सहित टर्मिनल के भीतर कहीं भी अपना ऑर्डर मंगाना आसान हो गया है। मुंबई हवाई अड्डे की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि डिलीवरी का काम प्रशिक्षित ऑन-ग्राउंड कर्मचारियों द्वारा कुछ ही मिनटों में पूरा किया जाता है, जिससे यात्रियों को एक सुरक्षित और सहज अनुभव मिलता है।
इस सेवा के लिए अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट के साथ करार किया है। दोनों ने मिलकर छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 के डोमेस्टिक डिपार्चर क्षेत्र में सेवा शुरू की है। यात्री अब ब्लिंकिट ऐप के ज़रिये जरूरी सामान ऑर्डर कर सकते हैं और उसे टर्मिनल के अंदर अपनी जगह पर मंगा सकते हैं। अडानी एयरपोर्ट्स के एक प्रवक्ता ने कहा, “अडानी एयरपोर्ट्स डिजिटल सेवाओं के जरिये एयरपोर्ट के अनुभव को बेहतर बनाने की नयी कल्पना कर रहा है। टर्मिनल के अंदर ऐप-आधारित सुविधा लाकर हम यात्रियों को उनके समय का बेहतर उपयोग करने का मौका दे रहे हैं और सर्विस के स्तर को ऊँचा उठा रहे हैं।” इस सेवा में ट्रैवल एक्सेसरीज़, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्नैक्स, किताबें, बेबी केयर और निजी जरूरत का सामान शामिल है। सुरक्षा नियमों के दायरे में आने वाले तरल पदार्थ जैसे पैकेज्ड पानी, कोल्ड ड्रिंक्स और जूस आदि एयरपोर्ट सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार टर्मिनल के भीतर स्वीकृत इन्वेंट्री से ही लिए जाते हैं।

