जबलपुर: गढ़ा थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर तिराहे पर बीती रात नशे में धुत एक कार चालक ने सड़क पर तांडव मचाया। भीषण सड़क हादसे में एक पिता की अपने बेटे के सामने ही मौत हो गई, वहीं एक अन्य युवक ने भी दम तोड़ दिया।जानकारी के अनुसार अधारताल महाराजपुर निवासी गणेश प्रसाद कुम्हार (35) अपने बेटे शुभम के साथ स्कूटी पर सवार होकर धनवंतरी नगर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बाप-बेटे शादी की खुशियों में शामिल होने के बेहद करीब थे, तभी तेज रफ्तार कार एमपी 20 जेड बी 2934 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में गणेश प्रसाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका बेटा शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी कार चालक का कहर यहीं नहीं रुका। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कार ने सामने से आ रहे मोपेड सवार पंकज साहू (30) को भी अपनी चपेट में ले लिया। गंजीपुरा हरदौल मंदिर के पास रहने वाले पंकज को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक कार चालक शराब के नशे में इतना धुत था कि उसे होश तक नहीं था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
