अधिवक्ता संघ चुनाव: मतपेटियों में कैद हुआ 74 प्रत्याशियों का भाग्य, मतगणना कल

रीवा। गुरुवार को रीवा जिला अभिभाषक संघ के चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष, ग्रंथपाल एवं कार्यकारिणी सदस्य सहित विभिन्न पदों के लिए कुल 2972 मतदाताओं में से 2377 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 5.00 बजे तक बिना किसी व्यवधान के जारी रहा।

चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ महिला एवं युवा अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे लोकतांत्रिक उत्साह स्पष्ट नजर आया। भीषण ताप के बीच संपन्न हुए मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया है, जिसका फैसला 24 अप्रैल शुक्रवार को मतगणना के बाद सामने आएगा। पूरी चुनाव प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में संपन्न कराई गई। मतदान के दौरान कहीं भी कोई अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई और सभी अधिवक्ताओं ने सहयोग करते हुए चुनाव को सफल बनाया। मतदान के बाद मतपेटियों को सील कर न्यायालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है, जिन्हें आज सुबह खोला जाएगा और मतगणना प्रारंभ की जाएगी।

इस बार अध्यक्ष पद के लिए 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं उपाध्यक्ष के लिए 8, सचिव पद के लिए 10, सह सचिव के लिए 12, कोषाध्यक्ष महिला के लिए आरक्षित रहा जिसमें 4 तथा ग्रंथालय पद के लिए 9 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। कार्यकारिणी सदस्य के 5 पुरुष व 2 महिला यानी 7 पदों के लिए 19 प्रत्याशी आमने-सामने हैं,। अब सभी की निगाहें कल होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि जिला अधिवक्ता संघ का ताज किसके सिर सजेगा।

Next Post

ऑटो और स्कॉर्पियो की टक्कर में आधा दर्जन घायल

Thu Apr 23 , 2026
सीधी। शहर के विजय फिलिंग पेट्रोल पंप के पास आज शाम 6.20 बजे रफ्तार का कहर देखने को मिला। सीधी से भेलकी की ओर जा रहा एक ऑटो विजय फिलिंग के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बिना नंबर की स्कॉर्पियो से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि […]

You May Like

मनोरंजन