
बहरी। बहरी तहसील के सरकारी अस्पतालों में प्रसूति के लिये आने वाली महिलाओं का भोजन बंद हो गया है। कारण स्व सहायता समूह का नया अनुबंध न होना बताया जा रहा है। बहरी तहसील अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को चाय और भोजन नसीब नहीं हो पा रहा है। बहरी तहसील क्षेत्र में संचालित सभी स्वास्थ्य केन्द्र सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिहावल के अधीन है। बहरी तहसील अंतर्गत आने वाले कई प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में इन दिनों प्रसव हेतु प्रतिदिन 4 से 5 महिलाएं आती हैं। इन महिलाओं को भोजन, चाय नसीब नहीं हो पाने से साथ में आने वाले लोगों को व्यवस्थायें बनाने के लिए भटकना पड़ रहा है। दरअसल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भोजन बनाने व बांटने का काम स्व सहायता समूह के माध्यम से होता था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिठौली, अमरपुर, नकझर, पोखरा, बहरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो में भोजन का काम जिन स्व सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था। उनका अनुबंध 31 मार्च 2025 से खत्म हो जाने के कारण प्रसव हेतु आने वाली महिलाओं को चाय और भोजन की सुविधा मुहैया नहीं हो पा रही है। जब सिहावल ब्लॉक लेखापाल अधिकारी से बात किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी ई-वित पोर्टल बंद हो गया है। जब बजट आएगा तो भुगतान किया जाएगा।
मरीजों को बाहर की लिखी जा रही दवाइयां
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बहरी में मरीजों को बाहर की दवाई लेने के लिये छोटी पर्ची दी जाती है। कुछ मरीजों का कहना था कि हर मरीज को बाहर की दवाई लेने के लिये छोटी पर्ची में लिखकर दी जाती है। जबकि राज्य शासन द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में 299 प्रकार की दवाइयां बल्लभ भाई पटेल नि:शुल्क औषधि वितरण केन्द्र से देने की व्यवस्था बनाई गई है।
