वॉशिंगटन, 16 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले महाभियोग जांच से जुड़े दो पूर्व अधिकारियों के खिलाफ न्याय विभाग (डीओजे) से जांच करने को कहा है।
सुश्री गबार्ड के कार्यालय के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि उन्होंने एक व्हिसलब्लोअर और खुफिया समुदाय के एक पूर्व निगरानी अधिकारी के खिलाफ आपराधिक संदर्भ (क्रिमिनल रेफरल) तैयार किए हैं, हालांकि किसी विशेष अपराध का उल्लेख नहीं किया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि इन संदर्भों पर आपराधिक जांच शुरू करनी है या नहीं, यह निर्णय न्याय विभाग के अभियोजकों द्वारा लिया जाएगा।
ये संदर्भ ऐसे समय आए हैं जब सुश्री गबार्ड ने इस सप्ताह खुफिया समुदाय के पूर्व महानिरीक्षक माइकल एटकिंसन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनसे जुड़े कई दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं।
व्हिसलब्लोअर की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। उसने 2019 में एक “तत्काल चिंता” जताई थी कि राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से पूर्व उपराष्ट्रपति जो बाइडन की जांच कराने का अनुरोध किया था।
शिकायत में ट्रंप-जेलेंस्की फोन कॉल के रिकॉर्ड के प्रबंधन पर भी सवाल उठाए गए थे और उस समय ट्रंप के निजी वकील रूडी जूलियानी की भूमिका का भी उल्लेख किया गया था।
नव्हिसलब्लोअर के अनुसार, “मुझे कई अमेरिकी सरकारी अधिकारियों से जानकारी मिली है कि राष्ट्रपति अपने पद की शक्ति का उपयोग 2020 के चुनाव में विदेशी हस्तक्षेप के लिए कर रहे हैं।”
शिकायत में कहा गया कि इसमें एक विदेशी देश पर दबाव डालकर राष्ट्रपति के प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी की जांच कराने की कोशिश शामिल थी।
सुश्री गबार्ड ने कहा कि वह इन दस्तावेजों को आपराधिक जांच के लिए न्याय विभाग को भेज रही हैं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि किन आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
