इंदौर:संभागायुक्त ने बुधवार को पेट्रोल डीजल को लेकर संभाग के सभी कलेक्टर्स और तेल कंपनी अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में आयुक्त ने जनता के बीच पेट्रोल डीजल को लेकर उत्पन्न घबराहट के मद्देनजर निरंतर सप्लाई और निर्बाध आपूर्ति के निर्देश दिए. साथ ही तेल कंपनियों से वर्तमान स्थिति में पेट्रोल डीजल के स्टॉक की जानकारी ली. आयुक्त ने जनता से आग्रह किया है कि पेट्रोल डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और अफवाहों पर ध्यान नहीं दें.
संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने आज संभाग कार्यलय पर सभी कलेक्टर्स और पेट्रोल डीजल कंपनियों के वितरकों के साथ बैठक की. बैठक में कंपनियों के पास मौजूदा स्टॉक और सप्लाई पर चर्चा की गई. आयुक्त ने जनता द्वारा बनाए पैनिक की स्थिति के चलते जिलों में पेट्रोल डीजल की उपलब्धता निर्बाध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए है. कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आयुक्त से कहा कि उनके पास स्टॉक हमेशा रहता है और आज भी पर्याप्त स्टॉक है. संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने स्पष्ट किया है कि इंदौर एवं इंदौर संभाग में पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है. अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराए नहीं. संभागायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहनों में अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भण्डारण न करें, इसकी कोई आवश्यकता नहीं है.
तेल कंपनियां रोज प्रशासन को स्टॉक बताएगी
बैठक में संभागायुक डॉ. खाड़े ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा कि प्रशासन को रोज स्टॉक की उपलब्धता का डेटा शेयर करेंगे. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पम्पों पर भी स्टॉक उपलब्ध कराया जाए.
