
सीधी। जिले के थाना मझौली अंतर्गत ग्राम मेड़रा में एक किसान के खेत में शार्ट सर्किट से आग लग गई और देखते ही देखते गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। हल्ला गुहार करने पर ग्रामीणों ने आग बुझाई अन्यथा आग की चपेट में कई अन्य किसानों की फसल जल कर नष्ट हो जाती।
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि जिस खेत में आग लगी है वह मेड़रा निवासी महेंद्र तिवारी का है जबकि उस खेत के पास केमलभान गुप्ता उर्फ पप्पू पिता मथुरा गुप्ता अधिया प्रथा के आधार पर खेती किया था जिसमें गेहूं का फसल बोया था। आज रविवार दोपहर उसी खेत से गुजरी 11 हजार केव्ही की बड़ी लाइन में लगे जंफर में तकनीकी कारणों से शार्ट सर्किट के कारण चिंगारी गिरी । खेत में कटी गेहूं की फसल में चिंगारी के पड़ते ही गेहूं के नरवाई से देखते ही देखते आग फैल कर बेकाबू हो गई। फसल धू- धू कर जलने लगी तब अगल- बगल में फसल काट रहे किसानों ने हल्ला गुहार किया।
इनका कहना-
मैं बगल में ही फसल काट रहा था तभी देखा कि बिजली लाइन के जंफर से अंगारे गिरे जिससे आग लग गई । तुरंत ही दौड़ कर आया लेकिन हवा तेज चल रही थी जिससे आग फैल गई। हल्ला गुहार करने पर सभी ग्रामीण पानी बाल्टी के साथ आए तब आग में काबू पाया गया।
राघव गुप्ता, प्रत्यक्षदर्शी किसान
