
झाबुआ, भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार (BOCW) कल्याण बोर्ड के अंतर्गत दैनिक वेतनभोगी एवं निर्माण श्रमिकों को रोजगार के अवसरों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से ‘डिजिटल लेबर चौक (DLC)’ मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया गया है। ऐप के माध्यम से श्रमिक बिना किसी एजेंट या मध्यस्थ के सीधे नियोक्ताओं से जुड़कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
डिजिटल लेबर चौक ऐप के माध्यम से श्रमिक घर बैठे डिजिटल रूप से दैनिक कार्य के अवसर खोज सकेंगे। इससे उन्हें रोजगार की तलाश में भौतिक लेबर चौकों पर खड़े रहने की आवश्यकता कम होगी। मध्यप्रदेश के समग्र-पंजीकृत नागरिक अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इसी प्रकार नियोक्ता, ठेकेदार, फैक्टरी मालिक एवं आम नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों की मांग, कार्य का स्थान तथा दैनिक मजदूरी सहित आवश्यक जानकारी ऐप पर दर्ज कर सकेंगे। व्यवस्था को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने के लिए नियोक्ता फैक्टरी आईडी, दुकान लाइसेंस अथवा ठेकेदार लाइसेंस के माध्यम से अपनी प्रोफाइल सत्यापित कर जॉब पोस्ट कर सकेंगे।
कार्य पूर्ण होने के बाद श्रमिक एवं नियोक्ता दोनों के लिए फीडबैक एवं रेटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे कार्य की गुणवत्ता, विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
जिले के श्रमिकों एवं नियोक्ताओं से अपील की गई है कि वे ‘डिजिटल लेबर चौक (DLC)’ ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर अपना पंजीयन सुनिश्चित करें, ताकि श्रमिकों को रोजगार के अवसर तथा नियोक्ताओं को आवश्यकता के अनुसार श्रमिक आसानी से उपलब्ध हो सकें।
