
आलीराजपुर। आलीराजपुर के प्रतिष्ठित बेड़िया परिवार की प्रतिभाशाली बेटी श्रेया बेड़िया ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के फाइनल में स्थान बनाकर न केवल अपने परिवार, बल्कि आलीराजपुर, इंदौर और पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। फाइनलिस्ट बनने के बाद पहली बार इंदौर पहुंचीं श्रेया का देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ढोल-ताशों, फूलमालाओं और उत्साहपूर्ण नारों के बीच भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
श्रेया, आलीराजपुर के स्वर्गीय श्री मिश्रीलाल लालचंद बेड़िया परिवार की पुत्री एवं इंदौर निवासी गोविंद बेड़िया एवं नीलम बेड़िया की सुपुत्री हैं। वे आलीराजपुर निवासी कृष्णकांत बेड़िया, चेतन बेड़िया एवं अर्पित बेड़िया की भतीजी हैं। उनकी सफलता से पूरे बेड़िया परिवार सहित आलीराजपुर जिले में हर्ष का वातावरण है।
श्रेया ने अपनी स्कूली एवं उच्च शिक्षा इंदौर में प्राप्त की। अध्ययन के दौरान ही फैशन एवं मॉडलिंग के क्षेत्र में रुचि विकसित हुई। अपने सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने दिल्ली का रुख किया और कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण तथा आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाई। अब वे दिल्ली में आयोजित होने वाले मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के अंतिम चरण में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इंदौर आगमन पर श्रेया ने कहा कि अपने शहर लौटकर मिला अपार स्नेह और सम्मान उनके लिए अत्यंत भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति के भीतर कुछ कर दिखाने का जुनून हो तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता। प्रत्येक युवा को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं माननी चाहिए।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता गोविंद बेड़िया एवं नीलम बेड़िया तथा परिवार के विश्वास और सहयोग को देते हुए कहा कि उनके प्रोत्साहन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज अपने नाम करना है।
श्रेया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नगर माहेश्वरी समाज, जिला माहेश्वरी समाज, नगर एवं जिला माहेश्वरी महिला मंडल, माहेश्वरी वधु मंडल, माहेश्वरी मित्र मंडल, जागरूक नागरिक मंच, सामाजिक संगठनों, मीडिया एवं पत्रकार साथियों ने बेड़िया परिवार और श्रेया को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजेता बनने की अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
यह उपलब्धि इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी अपने संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान स्थापित कर सकती हैं।
