पंजाब में 2027 में कांग्रेस की सरकार बनेगी, पार्टी पूरी तरह एकजुट: भूपेश बघेल

चंडीगढ़, 09 जुलाई (वार्ता) पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी पूरी तरह एकजुट है और संगठन को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकातों का दौर लगातार जारी रहेगा।

श्री बघेल ने गुरुवार को विभिन्न नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह और ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी नेताओं से मिलना उनकी जिम्मेदारी का हिस्सा है और वह हर नेता से मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस में नेताओं के बीच मतभेद की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां हर नेता को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में संवाद और विचार-विमर्श की परंपरा है, जबकि अन्य दलों में केवल एकतरफा आदेश चलते हैं। पार्टी अपने प्रत्येक वरिष्ठ नेता के अनुभव और योगदान का सम्मान करती है और समय आने पर उसका उचित सम्मान भी करती है।

श्री बघेल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और पंजाब की जनता जल्द से जल्द उससे छुटकारा चाहती है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट और आरामदायक बहुमत मिलेगा।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़े-बड़े दावे करने के बावजूद राज्य में भाजपा की जमीनी मौजूदगी बेहद सीमित है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेतृत्व भी इस सच्चाई को अच्छी तरह वाकिफ है और चुनाव से पहले अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी छोड़ने से रोकने के लिए केवल बड़े-बड़े दावे कर रहा है।

 

Next Post

ईरान का दावा: जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर 10 मिसाइलें दागीं

Thu Jul 9 , 2026
तेहरान नौ जुलाई (वार्ता) ईरान की सेना ने दावा किया है कि उसने गुरुवार को जॉर्डन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा कि इन मिसाइलों का निशाना उत्तरी जॉर्डन में बना अज़राक सैन्य अड्डा था। इस ठिकाने को मुवफ्फाक […]

You May Like

Play sound