अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक दिवस पर कलेक्टर ने मूक-बधिर बच्चों से की आत्मीय भेंट

आलीराजपुर। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक दिवस के उपलक्ष्य में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने मूक-बधिर बच्चों से आत्मीय भेंट कर उनके साथ समय बिताया तथा उन्हें दी जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों से संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, आवास, खान-पान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की । भेंट के दौरान बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए पेंटिंग के माध्यम से कलेक्टर श्रीमती माथुर का पोर्ट्रेट तैयार कर उन्हें भेंट किया। कलेक्टर ने बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग की सराहना करते हुए उनकी कला एवं प्रतिभा की प्रशंसा की और उनका उत्साहवर्धन किया।

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने बच्चों को चॉकलेट प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों को आश्वस्त किया कि आगामी भ्रमण के दौरान वे कुंड स्थित छात्रावास में भी आएंगी और वहां बच्चों से मुलाकात कर उनकी व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का जायजा लेंगी। कलेक्टर की आत्मीयता से बच्चे भी उत्साहित नजर आए।

टीएल बैठक में जनविश्वास अभियान, सेवा संकल्प एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा

 

कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के दिए निर्देश

 

आलीराजपुर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में कलेक्टर सभा कक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सेवा संकल्प अभियान, सीएम हेल्पलाइन, टीएल प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई।

बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती माथुर ने पूर्व में आयोजित शिविरों में लंबित प्रकरणों का विभागवार जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही लाभान्वित हितग्राहियों की सूची जिला मुख्यालय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने पीएचई एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में शासकीय हैंडपंपों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। ग्रामों में किसी व्यक्ति विशेष द्वारा शासकीय हैंडपंप पर अवैध कब्जा अथवा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि टीएल बैठक में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें। ग्राम माथना के बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्र तक पहुंचने में हो रही कठिनाई को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राम में ही उपयुक्त स्थान का चयन कर मिनी आंगनवाड़ी केंद्र के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारी को जिले में नियमित रूप से भ्रमण कर बाल श्रम की रोकथाम के लिए विशेष अभियान संचालित करने तथा बाल श्रमिक पाए जाने पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग में आगामी समय में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की जानकारी अभी से संकलित कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही उनके सभी देय क्लेम का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जनपद पंचायतों एवं श्रम विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शासन की अनुग्रह सहायता राशि, संबल योजना एवं प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से संबंधित प्रकरणों की पोर्टल पर प्रविष्टियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही हितग्राहियों के दस्तावेज एवं पहचान के सत्यापन की प्रक्रिया में गति लाते हुए लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों एवं तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं टीएल में 180 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, समस्त अनुविभागीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

पंचायत उप निर्वाचन 2026 के तहत कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया 

आलीराजपुर, 23 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायत उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) के अंतर्गत जनपद पंचायत सोंडवा के वार्ड क्रमांक 18 में होने वाले उप निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कर्मचारियों का प्रशिक्षण कलेक्‍ट्रेट ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नीतू माथुर के निर्देशन में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी दायित्वों, आवश्यक प्रपत्रों, मतदान केंद्र पर की जाने वाली व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सावधानी एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Next Post

गांधीसागर डेम खनाखेड़ी जीरो पॉइंट पर अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई

Wed Sep 23 , 2026
नीमच। मनासा क्षेत्र के गांधीसागर डेम के डूब क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन की प्राप्त शिकायतों पर जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। दिनांक 23 सितंबर 2026 की रात्रि में जिला खनिज अधिकारी श्री जगनसिंह भिड़े, प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री सुनील जाधव एवं टीम द्वारा संयुक्त […]

You May Like