
सीधी। शहर के विजय फिलिंग पेट्रोल पंप के पास आज शाम 6.20 बजे रफ्तार का कहर देखने को मिला। सीधी से भेलकी की ओर जा रहा एक ऑटो विजय फिलिंग के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बिना नंबर की स्कॉर्पियो से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में आरती यादव पत्नी शिवलाल यादव 36 वर्ष निवासी भेलकी, सुधा यादव पत्नी राजीव यादव 32 वर्ष निवासी कोठार, प्रकाश यादव पिता राजीव यादव 10 वर्ष
निवासी कोठार, कलावती पत्नी रामलाल यादव 60 वर्ष
निवासी भेलकी, पिंटू यादव पिता रामलाल यादव 27 वर्ष निवासी भेलकी ऑटो चालक शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो वाहन बिना नंबर का बताया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने स्कॉर्पियो को पकड़ लिया है। स्कार्पियो चालक से पूंछताछ जारी है।
