![]()
भोपाल। उपभोक्ताओं को कम गैस देकर धोखाधड़ी करने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कोलार स्थित सिद्धार्थ इंडेन गैस एजेंसी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप निलंबित कर दी है। हालिया जांच में 50 से अधिक सिलिंडरों में निर्धारित मात्रा से कम गैस मिलने की पुष्टि हुई, जिसके बाद जिला प्रशासन की अनुशंसा पर इंडियन ऑयल ने यह कार्रवाई की।
एजेंसी के निलंबन से प्रभावित होने वाले करीब 7,792 उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए उन्हें मिसरोद की रघु इंडेन गैस एजेंसी से जोड़ दिया है। अब इसी एजेंसी के माध्यम से क्षेत्र में गैस आपूर्ति जारी रहेगी, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शहर में रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति पर नजर डालें तो भोपाल में कुल 46 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनमें 20 से अधिक इंडेन की हैं। करीब साढ़े चार लाख उपभोक्ता इंडेन गैस पर निर्भर हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाली अन्य एजेंसियों के खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
