निरीक्षक कपूर त्रिपाठी की याचिका खारिज: डॉ ज्ञानेंद्र सिंह फिर बने मोरवा थाना प्रभारी

मनीष चौधरी सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र की कमान एक बार फिर निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के हाथों में आ गई है। देर रात आदेश जारी होने के बाद गुरुवार सुबह उन्होंने विधिवत रूप से मोरवा थाना प्रभारी का पदभार संभाला। यह उनकी मोरवा थाने में दूसरी पारी है। इससे पहले उन्होंने पिछले माह 27 तारीख को भी मोरवा थाना प्रभारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था, लेकिन तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक कपूर त्रिपाठी को स्टे मिलने के बाद उन्हें वापस जियावान थाना लौटना पड़ा था।

यह नियुक्ति उस समय हुई जब मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने पूर्व थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी की ट्रांसफर को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर तत्काल प्रभाव से बदलाव लागू किया गया।

दरअसल सिंगरौली जिले के मोरवा थाने में पदस्थ निरीक्षक कपूर त्रिपाठी ने अपने स्थानांतरण के खिलाफ हाईकोर्ट की जबलपुर पीठ में रिट याचिका दायर की थी। लेकिन अदालत ने स्पष्ट रूप से कहा कि याचिकाकर्ता निरीक्षक पद के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और योग्यता पूरी नहीं कर पाए थे। कोर्ट ने यह भी माना कि पुलिस स्थापना बोर्ड को अधिकार है कि वह अयोग्यता की स्थिति में दो वर्ष की अवधि पूरी होने से पहले भी स्थानांतरण कर सकता है। इसी आधार पर कपूर त्रिपाठी को मोरवा से भोपाल पुलिस अकादमी भेजने का निर्णय उचित ठहराया गया और उनकी याचिका खारिज कर दी गई।

हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने देर रात आदेश जारी करते हुए डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह को पुनः मोरवा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी। गुरुवार तड़के वे मोरवा थाने पहुंचे और आमद दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने औड़ी स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।

Next Post

कुपोषण का दंश: कागजी आंकड़ों की भूल भुलैया में दम तोड़ता बचपन

Thu Apr 23 , 2026
डा संजय पयासी सतना। सपनों की दुनिया आंख खुलते ही हमेशा-हमेशा के लिए गायब हो जाती है. कुछ ऐसी ही हकीकत से जिले की जनता वर्षों से दो चार हो रही है.कागजों में उकेरे अंकों और व्यवस्था की बनाई भूलभुलैया में हांसिए में रह कर जीवन जीने वालों का स्याह […]

You May Like